Breaking News

अमेरिका क्रिकेट बड़े संकट में: ACE के साथ 50 साल का करार टूटा, दिवालिया होने की कगार पर बोर्ड

अमेरिका में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया USA Cricket इन दिनों बड़ी मुश्किलों से गुजर रहा है। हाल ही में बोर्ड ने अपने सबसे बड़े फंडिंग पार्टनर American Cricket Enterprises (ACE) के साथ 50 साल का करार अचानक खत्म कर दिया। यही कंपनी है जिसने अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट (MLC) की शुरुआत की थी और पिछले कई सालों से करोड़ों रुपये का निवेश कर रही थी। लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि अगर जल्दी कोई रास्ता नहीं निकला तो USA Cricket अगले कुछ हफ्तों में दिवालिया हो सकता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले पर बोर्ड की लंबी बैठक हुई। लगभग तीन घंटे चली इस बैठक में 9 डायरेक्टरों में से 5 ने ACE के साथ करार खत्म करने का समर्थन किया, जबकि 4 ने इसका विरोध किया। यहां तक कि कानूनी सलाहकारों ने भी चेतावनी दी थी कि यह फैसला बोर्ड के लिए खतरनाक साबित हो सकता है, लेकिन फिर भी करार को खत्म कर दिया गया।

अब स्थिति यह है कि अगर ACE से मिलने वाली तिमाही फंडिंग रुक गई, तो बोर्ड के पास पैसों की भारी कमी हो जाएगी। कहा जा रहा है कि कुछ ही हफ्तों में USA Cricket के पास खर्च चलाने के लिए पैसे नहीं बचेंगे।

अक्टूबर में वेस्टइंडीज A और वेस्टइंडीज महिला टीम के खिलाफ होने वाले वॉर्म-अप मैचों के लिए करीब 7 लाख डॉलर का बजट रखा गया था। लेकिन अब इन योजनाओं पर संकट छा गया है। साथ ही, 2026 टी20 वर्ल्ड कप, जिसकी मेजबानी अमेरिका और वेस्टइंडीज को करनी है, उसकी तैयारियों पर भी बड़ा असर पड़ सकता है।

इस पूरी कहानी की शुरुआत फंड और प्रबंधन के विवाद से हुई।

  • ACE ने 2019 से अब तक 10 मिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश किया।
  • खिलाड़ियों की सैलरी, टूर्नामेंट्स का खर्च और कई ऑपरेशन्स ACE ही संभाल रहा था।
  • लकिन बोर्ड का आरोप है कि ACE ने कुछ अहम वादे पूरे नहीं किए, जैसे कि हाई-परफॉर्मेंस सेंटर का निर्माण।
  • दूसरी ओर, ACE का कहना है कि उसने अपना वादा निभाया है। इसका उदाहरण ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम है, जहां 2024 टी20 वर्ल्ड कप के मैच भी खेले गए थे।

फिलहाल अमेरिका क्रिकेट का भविष्य अधर में लटक गया है। अगर फंडिंग का हल नहीं निकला तो न सिर्फ घरेलू टूर्नामेंट्स बल्कि बड़े अंतरराष्ट्रीय इवेंट्स भी प्रभावित होंगे। क्रिकेट को अमेरिका में लोकप्रिय बनाने की जो कोशिशें अब तक चल रही थीं, उन पर पानी फिर सकता है।

अब ज़रा सोचिए, अगर वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट की तैयारियां बीच में अटक गईं तो इसका असर सिर्फ अमेरिका ही नहीं बल्कि पूरी क्रिकेट दुनिया पर पड़ सकता है।

About Hussain

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?