अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने एशिया कप और त्रिकोणीय सीरीज के लिए 22 खिलाड़ियों की शुरुआती सूची जारी कर दी है।
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक यूएई में खेला जाएगा, जबकि ट्राई सीरीज में अफगानिस्तान, पाकिस्तान और यूएई की टीमें खेलेंगी।
इस टीम में युवा स्पिनर एएम गजनफर की वापसी हुई है। वे चोट के कारण लंबे समय तक मैदान से बाहर थे, लेकिन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम में लौटे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के टी20 ब्लास्ट में डर्बीशायर के लिए खेलते हुए 14 मैचों में 16 विकेट लिए और टीम के सबसे सफल गेंदबाज बने। खासकर यॉर्कशायर के खिलाफ उनकी कसी हुई गेंदबाजी काफी चर्चा में रही।
टीम की कप्तानी एक बार फिर स्टार स्पिनर राशिद खान करेंगे। उनकी अगुआई में अफगानिस्तान ने पिछले कुछ सालों में कई शानदार प्रदर्शन किए हैं। एसीबी के अनुसार, 22 खिलाड़ियों में से अंतिम 15 का चयन दो हफ्ते के ट्रेनिंग कैंप के बाद होगा, जहां खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रदर्शन देखा जाएगा।
अफगानिस्तान को एशिया कप के ग्रुप बी में श्रीलंका, बांग्लादेश और हांगकांग के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मैच 9 सितंबर को हांगकांग के खिलाफ अबू धाबी में खेलेगी। इसके बाद 16 सितंबर को बांग्लादेश और 18 सितंबर को श्रीलंका से मुकाबला होगा।
CHANNEL009 Connects India
