Breaking News

क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे? उम्र और योजना को लेकर मंथन शुरू

भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े सितारे विराट कोहली और रोहित शर्मा अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं। दोनों खिलाड़ियों ने टी20 और टेस्ट क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले लिया है। अब सवाल ये उठ रहा है कि क्या ये दोनों दिग्गज 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में खेलते नजर आएंगे या नहीं?

इसको लेकर अंदरूनी हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, 2027 वर्ल्ड कप तक कोहली और रोहित की उम्र लगभग 40 साल हो जाएगी। ऐसे में भारतीय क्रिकेट बोर्ड और टीम मैनेजमेंट के सामने बड़ी चुनौती है कि क्या इन अनुभवी खिलाड़ियों के साथ आगे बढ़ा जाए या नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को मौका दिया जाए?

रोहित और विराट की गैरमौजूदगी में युवा खिलाड़ियों ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने 5 मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ की और हर मुकाबले में इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी। इस सीरीज में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ऋषभ पंत, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और आकाश दीप जैसे खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करके अपना दावा मजबूत किया।

इन युवा सितारों की चमक ने यह संकेत दे दिया है कि भारत के पास अब एक मजबूत बैकअप तैयार है, जो आने वाले समय में टीम की जिम्मेदारी संभाल सकता है।

सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि वर्ल्ड कप 2027 को ध्यान में रखते हुए जल्द ही खिलाड़ियों से पेशेवर बातचीत की जाएगी। इसमें उनकी मानसिक और शारीरिक स्थिति का आकलन किया जाएगा और यह देखा जाएगा कि वे अगले दो साल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए कितने फिट और प्रेरित हैं।

सूत्र ने कहा, “हमें वर्ल्ड कप 2027 के लिए एक साफ-सुथरी योजना तैयार करनी होगी। इस टूर्नामेंट में अब दो साल से ज्यादा का समय है और विराट-रोहित तब तक 40 साल के करीब हो जाएंगे। हमें देखना होगा कि क्या वे तब तक टीम के साथ बने रह सकते हैं या नहीं। साथ ही, युवा खिलाड़ियों को भी धीरे-धीरे मौके देने होंगे।”

गौरतलब है कि 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में जीत के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। इसके बाद टेस्ट क्रिकेट में उनका प्रदर्शन कमजोर रहा और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी विदाई ले ली। इस पर भी चर्चा रही कि क्या उन्होंने स्वेच्छा से संन्यास लिया या टीम मैनेजमेंट के दबाव में यह कदम उठाया? अब यही सवाल उठ रहा है कि क्या वनडे क्रिकेट से भी उन्हें धीरे-धीरे बाहर किया जाएगा?

सूत्रों ने यह भी साफ किया है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा पर वनडे फॉर्मेट से रिटायरमेंट लेने के लिए कोई दबाव नहीं डाला जाएगा। उन्होंने टीम इंडिया के लिए सीमित ओवरों में बहुत बड़ा योगदान दिया है और उनके अनुभव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सूत्र के अनुसार, “विराट और रोहित ने लगभग सबकुछ हासिल किया है। इसलिए उन पर कोई दबाव नहीं डाला जाएगा। लेकिन वर्ल्ड कप साइकिल शुरू होने से पहले उनके साथ चर्चा जरूर की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि वे मानसिक और शारीरिक रूप से कहां खड़े हैं।”

विराट और रोहित ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला मार्च में खेला था, जो चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल था। अगली चैंपियंस ट्रॉफी भी टी20 फॉर्मेट में होगी, इसलिए उसमें ये दोनों खिलाड़ी नहीं खेलेंगे। अगस्त में बांग्लादेश के साथ वनडे सीरीज होनी थी, लेकिन वह स्थगित हो गई है। अब भारत की अगली वनडे सीरीज अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ है और इसके बाद नवंबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैच होंगे। इन दोनों सीरीज में विराट और रोहित को अच्छा प्रदर्शन करके यह साबित करना होगा कि वे अभी भी टीम इंडिया के लिए उपयोगी हैं और वर्ल्ड कप 2027 की योजना का हिस्सा बन सकते हैं.

About Hussain

Check Also

“हम सब खाली हाथ आए हैं”: सुप्रीम कोर्ट ने संजय कपूर परिवार विवाद में दोनों पक्षों से मध्यस्थता प्रक्रिया में बाधा नहीं डालने को कहा।

संजय कपूर परिवार विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी ‘हम सब खाली हाथ आए हैं’, …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?