इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की रोमांचक सीरीज़ 2-2 से ड्रॉ होने के बाद, भारतीय क्रिकेट टीम के ड्रेसिंग रूम का एक खास वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में टीम इंडिया के हेड कोच और पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ गौतम गंभीर खिलाड़ियों को मोटिवेट करते हुए नज़र आ रहे हैं।
गंभीर की यह स्पीच सीरीज के आखिरी मुकाबले के बाद रिकॉर्ड की गई, जब भारत ने ओवल टेस्ट में शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने न सिर्फ खिलाड़ियों की तारीफ की, बल्कि टीम के भविष्य और ड्रेसिंग रूम के कल्चर को लेकर एक अहम संदेश भी दिया।
गंभीर ने टीम के सामने कहा, “लोग आते-जाते रहेंगे, लेकिन इस ड्रेसिंग रूम का कल्चर अमर रहना चाहिए। खिलाड़ियों का आना-जाना तो चलता रहेगा, पर हमारी असली ताकत ये होनी चाहिए कि हर कोई इस टीम का हिस्सा बनना चाहे।” उन्होंने आगे कहा, “आप सभी ने जिस तरह से इस टेस्ट सीरीज में खेल दिखाया, वो काबिल-ए-तारीफ है। सीरीज 2-2 से ड्रॉ करना एक शानदार उपलब्धि है। हमें एक टीम के रूप में लगातार और बेहतर होते रहना है, मेहनत जारी रखनी है, ताकि हम आने वाले सालों तक इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए रख सकें।”
गंभीर की यह बातें टीम के भीतर एक सकारात्मक माहौल को बनाए रखने का इशारा देती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को सिर्फ व्यक्तिगत प्रदर्शन नहीं, बल्कि एकजुटता के साथ खेलने की प्रेरणा दी। गंभीर ने कप्तान शुभमन गिल की भी खूब तारीफ की और कहा कि टीम की सफलता के असली हकदार वही हैं। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा: “अब आप सभी कुछ दिन का ब्रेक लें और इस जीत का मज़ा उठाएं। आपने यह ब्रेक डिज़र्व किया है।”
इस टेस्ट सीरीज में ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से टीम को मजबूत किया और अपनी मौजूदगी से हर मैच में असर डाला। इसके लिए उन्हें ‘इंपैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब मिला, जो उन्हें टीम के सीनियर खिलाड़ी रविंद्र जडेजा के हाथों मिला।
सुंदर ने यह अवॉर्ड मिलने पर कहा: “इंग्लैंड में इस तरह का परफॉर्मेंस देना मेरे लिए खास है। हमने हर मैच एक टीम की तरह खेला, खासकर फील्डिंग के दौरान जो एनर्जी थी, वो कमाल की थी। हम हमेशा एक-दूसरे के लिए खड़े रहे।”
CHANNEL009 Connects India
