तुर्की एक बार फिर भूकंप के तेज झटकों से हिल गया। गुरुवार दोपहर करीब 3:46 बजे महसूस किए गए इन झटकों ने लोगों को अचानक घबराकर घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.1 दर्ज की गई है।
राजधानी तक पहुंचा असर
ईरान की समाचार एजेंसी मेहर के मुताबिक, भूकंप का प्रभाव तुर्की की राजधानी अंकारा तक महसूस किया गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अभी तक किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है।
लगातार आ रहे झटकों से डर का माहौल
बीते कुछ समय से तुर्की में बार-बार भूकंप के हल्के-तेज झटके महसूस किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। वर्ष 2023 की भयावह त्रासदी को लेकर लोगों के दिलों में अभी भी गहरी छाप है, जब एक के बाद एक दो शक्तिशाली भूकंपों ने पूरे देश को झकझोर दिया था।
2023 की विनाशलीला अभी भूले नहीं लोग
फरवरी 2023 में तुर्की और सीरिया में आए 7.8 और 7.5 तीव्रता वाले भूकंपों ने भारी तबाही मचाई थी। इमारतें गिर गईं, हजारों लोग मलबे में दब गए। इस आपदा में तुर्की में करीब 59,000 और सीरिया में लगभग 8,000 लोगों की जान चली गई थी।
भूगर्भीय हलचलें और बढ़ती आशंका
भूकंप विशेषज्ञों के अनुसार, तुर्की एक संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्र में स्थित है, जिसे सबडक्शन जोन कहा जाता है। यहाँ अफ्रीकी, यूरोपीय और एनाटोलियन प्लेट्स की टकराहट के कारण समय-समय पर ज़मीन में ऊर्जा जमा होती है, जो आगे चलकर बड़े भूकंपों को जन्म देती है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस क्षेत्र में भविष्य में 9.0 तीव्रता तक का भूकंप आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
CHANNEL009 Connects India
