खेत में गेहूं निकालते समय हुआ दर्दनाक हादसा
राजस्थान के बूंदी जिले के दबलाना थाना क्षेत्र के गांव खोड़ी में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में गेहूं निकालते समय एक युवती की चुन्नी थ्रेसर की फैन बेल्ट में फंस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
दबलाना थाने के एएसआई रघुराज सिंह ने बताया कि खोड़ी गांव की रहने वाली रिंकू बाई (20 वर्ष) पुत्री गोपीलाल मीना अपने काका के बेटे और मौसी के साथ खेत पर गेहूं निकालने गई थी। काम करते समय वह गेहूं भर रही थी। इस दौरान गले में लटकी चुन्नी हवा से उड़कर थ्रेसर की फैन बेल्ट में फंस गई। चुन्नी फंसने से उसका गला घुट गया और वह बेहोश होकर गिर गई।
मशीन बंद करने तक हो चुकी थी बेहोश
मृतका के काका महावीर मीणा ने बताया कि रिंकू गेहूं परात में भरकर दूसरी जगह रख रही थी। मुंह पर चुन्नी बांध रखी थी, जो अचानक फैन बेल्ट में फंस गई। थ्रेसर ने चुन्नी को खींच लिया और गला दबने से वह बेहोश हो गई। मशीन बंद करते-करते वह पूरी तरह अचेत हो चुकी थी। उसे तुरंत बूंदी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और परिवार की मदद की मांग
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बूंदी जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पंचायत समिति सदस्य अर्चना कंवर ने बताया कि मृतका के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और उन्होंने सरकार से सहायता राशि दिलाने की मांग की है।
CHANNEL009 Connects India
