वाराणसी के सिगरा स्थित डॉ.संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली गई प्रादेशिक समन्वय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हुआ। फाइनल मुकाबले में वाराणसी मंडल और आगरा मंडल की टीमों के बीच रोमांचक खेल देखने को मिला। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 रहने के बाद विजेता का फैसला टाई ब्रेकर से हुआ, जिसमें वाराणसी ने 4-2 से जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में शुरुआत से ही वाराणसी की टीम ने तेज रफ्तार खेल दिखाया और कई बार आगरा के पेनल्टी बॉक्स में पहुंची। हालांकि, आगरा की गोलकीपर मनीषा ने शानदार बचाव कर गोल होने से रोका। मैच के 14वें मिनट में आगरा की साक्षी ने रिबाउंड किक पर गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद आगरा की टीम ने रक्षात्मक खेल अपनाया, लेकिन वाराणसी लगातार अटैक करती रही।
पहले हाफ के 44वें मिनट में वाराणसी की शालिनी वर्मा ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका, जिससे मुकाबला टाई ब्रेकर में चला गया।
टाई ब्रेकर में वाराणसी की ओर से कोमल, नंदनी, शालिनी वर्मा और चांदनी पटेल ने गोल किए। आगरा की तरफ से केवल सपना और रिशिका गोल करने में सफल रहीं। इस तरह कुल स्कोर 5-3 रहा और वाराणसी ने खिताब जीत लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या और विशिष्ट अतिथि यूपी फुटबॉल संघ के अवैतनिक सचिव मोहम्मद शाहिद मौजूद रहे। दोनों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया।
यह महिला फुटबॉल प्रतियोगिता 1 से 8 अगस्त तक चली। शुरू के पांच दिन लीग और नॉकआउट मुकाबले खेले गए, जबकि अंतिम तीन दिन पूरी तरह नॉकआउट आधार पर मैच हुए। चार पूलों में कुल 29 मुकाबले खेले गए।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों से कुल 288 खिलाड़ियों ने भाग लिया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि ऐसे आयोजन महिलाओं में खेलों के प्रति रुचि और भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से किए जाते हैं।
वाराणसी की इस जीत ने स्थानीय खेल प्रेमियों में उत्साह भर दिया और खिलाड़ियों ने भी इसे अपने करियर का यादगार पल बताया।
CHANNEL009 Connects India
