
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस सोमवार, 21 अप्रैल को भारत दौरे पर राजधानी दिल्ली पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी उषा वेंस और तीन बच्चे — इवान, विवेक और मिराबेल भी मौजूद थे। पालम तकनीकी हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनका स्वागत किया, जहां उन्हें तीनों सेनाओं की ओर से औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
जेडी वेंस के बच्चों ने भारतीय पारंपरिक परिधानों में सभी का ध्यान आकर्षित किया। दोनों बेटों ने कुर्ता-पायजामा पहन रखा था — बड़े बेटे इवान ने नीले रंग का कुर्ता पहना जबकि विवेक पीले कुर्ते में नजर आया। सबसे छोटी बेटी मिराबेल ने अनारकली सूट पहना हुआ था और वह बेहद प्यारी लग रही थी।
जैसे ही विमान से उतरने का समय आया, इवान सबसे पहले सीढ़ियों से नीचे आया और अपने पिता को गले लगाया। उसके पीछे छोटे भाई विवेक ने भी अपने कदम आगे बढ़ाए। मिराबेल को एक स्टाफ सदस्य ने सहारा देकर नीचे उतारा, जिसके बाद उपराष्ट्रपति वेंस ने उसे गोद में उठा लिया। इसके बाद पूरा परिवार केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिला।
जेडी वेंस के साथ एक पांच सदस्यीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है, जिसमें पेंटागन और स्टेट डिपार्टमेंट के अधिकारी शामिल हैं। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके साथ औपचारिक बैठक करेंगे और वेंस परिवार के लिए रात्रिभोज की मेज़बानी भी करेंगे।
अपनी भारत यात्रा के दौरान जेडी वेंस और उनका परिवार जयपुर और आगरा की यात्रा भी करेगा। मंगलवार को वे जयपुर के आमेर किले का भ्रमण करेंगे, और फिर राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित यूएस-इंडिया बिजनेस समिट को संबोधित करेंगे।
CHANNEL009 Connects India
