एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के आखिरी टेस्ट में टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज़ हैरी ब्रूक ने स्वीकार किया कि वह इस नतीजे से हैरान रह गए। ब्रूक ने साफ कहा कि उन्हें पूरा भरोसा था कि इंग्लैंड आखिरी दिन आराम से मैच जीत लेगा, लेकिन मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाज़ी ने मैच का रुख ही पलट दिया।
ब्रूक ने मैच के बाद कहा कि जब तक वो और जो रूट बैटिंग कर रहे थे, उन्हें लग रहा था कि मुकाबला उनके नियंत्रण में है। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 194 रनों की बेहतरीन साझेदारी करते हुए जीत की नींव रखी थी। लेकिन उनके आउट होते ही तस्वीर बदल गई और टीम इंडिया ने महज़ 6 रन से मैच अपने नाम कर लिया।
ब्रूक ने कहा – “ईमानदारी से कहूँ तो मुझे लगा था कि हम सुबह आराम से मैच खत्म कर लेंगे। पिच रोलर के बाद सपाट होती दिख रही थी, लेकिन बादलों की वजह से गेंदबाज़ों को स्विंग मिली और सिराज ने जिस तरह गेंदबाज़ी की, वो इस जीत के पूरी तरह हकदार थे। जब तक मैं और रूट थे, हम मैच में बने हुए थे। लेकिन टेस्ट क्रिकेट यही है – आखिरी पल तक कुछ तय नहीं।” ब्रूक ने आगे कहा कि पूरी सीरीज उतार–चढ़ाव भरी रही और इसी वजह से ऐसा रोमांचक अंत सही महसूस होता है
उन्होंने अपने प्रदर्शन पर कहा –
“मैं खुश हूं कि मैं टीम के लिए योगदान दे पाया। यह बहुत इंटेंस और कड़ी सीरीज रही। हमने हर मैच में पूरा दम लगाया। भले हम न जीत पाए हों, लेकिन यह टेस्ट क्रिकेट के लिए शानदार रहा।”
ब्रूक को सीरीज में शानदार 481 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की मुश्किल भरी सीरीज खेलना किसी भी खिलाड़ी का सपना होता है और वो इस अनुभव को हमेशा याद रखेंगे।
CHANNEL009 Connects India
