Related Articles
जयपुर। आजादी का पर्व पूरे देश में जोश और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। बारिश के चलते भले ही जयपुर के स्कूलों में छुट्टी हो गई हो, लेकिन शहर के मंदिरों में आजादी का जश्न कुछ अलग ही अंदाज में देखने को मिला। सुबह जब भक्त मंदिरों में पहुंचे, तो वे भगवान की मूर्तियों का तिरंगे रंग की पोशाकों में अनोखा श्रृंगार देखकर अचंभित रह गए।
शहर के कई मंदिरों में पुजारियों ने भगवान की पोशाक को खासतौर पर तिरंगे के रंगों में सजाया। 15 अगस्त के इस खास मौके पर भगवान की पोशाक में राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंगों का उपयोग कर देशभक्ति का संदेश दिया गया। इस माहौल में मंदिरों में आने वाले भक्त भी देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गए।
मंदिरों में भगवान के समक्ष तिरंगे की विशेष झांकी भी सजाई गई। जयपुर के प्रसिद्ध गोविन्द देवजी मंदिर में भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया, और उनके आगे तिरंगा भी लगाया गया। इसी तरह सांगानेरी गेट स्थित पूर्व मुखी हनुमानजी मंदिर में हनुमानजी को भी तिरंगे रंग की पोशाक से सजाया गया।