राजस्थान के कोटा के सिमलिया में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। प्रयागराज में कुंभ स्नान कर लौट रही 56 यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी पति-पत्नी समेत 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाकी यात्रियों को भी चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा
मंदसौर से 7 फरवरी को सिद्धि विनायक यात्रा टूर बस प्रयागराज के लिए रवाना हुई थी। बस में मंदसौर, प्रतापगढ़, मनासा, रतलाम और अन्य जगहों के 56 यात्री सवार थे। कुंभ स्नान करने के बाद सभी यात्री बुधवार रात 11 बजे प्रयागराज से लौट रहे थे। गुरुवार सुबह 6 बजे बस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक खड़े ट्रक में जा घुसी।
हादसे में इन श्रद्धालुओं की हुई मौत
- कैलाशी बाई (54 वर्ष)
- किशोरी लाल रेखवार (60 वर्ष) – पति-पत्नी
- अशोक (35 वर्ष)
तीनों मृतक मंदसौर के रहने वाले थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। मंदसौर प्रशासन ने राजस्थान प्रशासन से घायलों की जानकारी ली और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रशासन ने की मदद
हादसे के बाद बस में सवार कई यात्रियों को कराड़िया के नाड़ा हनुमान मंदिर परिसर में ठहराया गया। प्रशासन ने यात्रियों को वापस मध्य प्रदेश लाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की है।