भारतीय क्रिकेट टीम के दो सबसे बड़े सितारे – रोहित शर्मा और विराट कोहली – इस समय वनडे फॉर्मेट में अपने भविष्य को लेकर चर्चा में हैं। टेस्ट और टी20 से रिटायर होने के बाद अब कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 2027 वर्ल्ड कप की योजनाओं में ये दोनों दिग्गज शामिल नहीं हैं। माना जा रहा है कि आने वाला ऑस्ट्रेलिया दौरा शायद उनका आखिरी वनडे सीरीज हो सकता है।
इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष रह चुके सौरव गांगुली ने इस मुद्दे पर अपनी राय दी है। गांगुली ने साफ कहा कि रोहित और विराट को तब तक वनडे क्रिकेट खेलना चाहिए, जब तक उनका प्रदर्शन अच्छा है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के रिकॉर्ड की तारीफ करते हुए कहा कि ये दोनों सफेद गेंद के क्रिकेट में ‘असाधारण’ खिलाड़ी हैं।
गांगुली ने कहा, “मुझे इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि ऑस्ट्रेलिया दौरा उनका आखिरी होगा या नहीं। लेकिन मेरा मानना है कि जो खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, उसे खेलना जारी रखना चाहिए। विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों का वनडे रिकॉर्ड शानदार है और वे टीम के लिए अहम हैं।”
सौरव गांगुली ने 9 सितंबर से दुबई में शुरू होने वाले टी20 एशिया कप पर भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम बहुत मजबूत है और मौजूदा फॉर्म के आधार पर टूर्नामेंट जीतने की प्रबल दावेदार है। गांगुली ने बताया कि इंग्लैंड में पांच कठिन टेस्ट मैच खेलने के बाद खिलाड़ियों को आराम मिला है, जिससे वे ताजगी के साथ एशिया कप में उतरेंगे।
गांगुली ने यह भी कहा, “अगर भारत टेस्ट क्रिकेट में इतना मजबूत है, तो वनडे और टी20 में और भी ज्यादा दमदार है। दुबई की पिचों पर इस टीम को हराना बेहद मुश्किल होगा।”
CHANNEL009 Connects India
