Related Articles
राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से महाराष्ट्र के कट्टीपार ले जाए जा रहे 13 बछड़ों को चिचोला पुलिस ने एक मालवाहक वाहन से बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
घटना मंगलवार की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि एक मालवाहक वाहन (क्रमांक CG 04 PX 1261) में बिना चारा-पानी के बछड़ों को क्रूरता से भरकर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा है।
चिचोला चौकी प्रभारी नरेश बंजारे ने बताया कि पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान जब संदिग्ध वाहन को रोका गया तो उसका चालक वाहन लेकर महाराजपुर बस्ती की ओर भागने लगा। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और उसमें से 13 बछड़े बरामद किए।
पुलिस ने वाहन चालक आकाश भारती उर्फ आसू (निवासी वार्ड नंबर 2, नवागांव बजरंगपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मवेशियों की तस्करी रोकने के लिए अभियान जारी है।
CHANNEL009 Connects India
