ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष के बीच ईरान ने पाकिस्तान को लेकर कड़ा संदेश दिया है। तेहरान ने संकेतों में चेताया कि अगर कोई तीसरा देश इस टकराव में हस्तक्षेप करता है, तो इसके “गंभीर परिणाम” भुगतने पड़ सकते हैं।
“तीसरे पक्ष की एंट्री हालात को और बिगाड़ेगी”: ईरानी राजनयिक
नई दिल्ली में स्थित ईरानी दूतावास के उप मिशन प्रमुख जावेद हुसैनी ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में साफ शब्दों में कहा,
“यह एक द्विपक्षीय संघर्ष है — ईरान और इजरायल के बीच। किसी तीसरे देश की भागीदारी स्थिति को और जटिल बना सकती है।”
उन्होंने बिना नाम लिए पाकिस्तान को आगाह किया और यह भी कहा कि अगर इजरायल को अब नहीं रोका गया, तो भविष्य में यह संकट और देशों तक फैल सकता है।
ट्रंप-मुनीर मुलाकात पर तेहरान की नजर
यह बयान ऐसे वक्त आया जब पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर की अमेरिका यात्रा और डोनाल्ड ट्रंप के साथ लंच मीटिंग ने हलचल मचा दी है। ईरानी अधिकारी ने साफ किया कि वे मुनीर की वाशिंगटन यात्रा को गंभीरता से नोट कर चुके हैं, खासकर इस वजह से कि कुछ ही सप्ताह पहले वे तेहरान के दौरे पर भी आए थे और वहां उन्होंने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई से भी मुलाकात की थी।
“किसके साथ खड़ा है पाकिस्तान?”— सोशल मीडिया पर उठे सवाल
इस डिप्लोमैटिक दोतरफा रुख पर अब सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे हैं कि पाकिस्तान का असल रुख क्या है—वो ईरान के साथ है या फिर अमेरिका के साथ खड़ा होने की तैयारी में?
भारत को लेकर तेहरान ने रखी नरमी
हालांकि भारत के संदर्भ में जावेद हुसैनी ने कोई नाराजगी नहीं जताई। उन्होंने कहा कि ईरान भारत से बेहतर समन्वय और सहयोग की उम्मीद करता है और दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत हैं।
IAEA और G7 पर भी हमला
ईरानी अधिकारी ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) और G7 देशों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ये संस्थाएं इजरायल के पक्ष में झुकी हुई हैं और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को राजनीतिक उद्देश्य से निशाना बना रही हैं।
उन्होंने दोहराया,
“ईरान NPT (परमाणु अप्रसार संधि) का सदस्य है, लेकिन हम बिना शर्त आत्मसमर्पण नहीं करेंगे।”
यह बयान ट्रंप की सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में आया, जिसमें उन्होंने ‘अनकंडीशनल सरेंडर’ की बात कही थी।
भारतीय छात्रों के लिए ईरान का समर्थन, ऑपरेशन सिंधु में मदद
ईरान ने भारत द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सिंधु’ को अपना पूरा सहयोग देने की घोषणा की है। इस ऑपरेशन के तहत इजरायल-ईरान युद्ध क्षेत्र में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है।
तेहरान ने बताया कि महान एयर (Mahan Air) की तीन चार्टर्ड फ्लाइट्स जल्द ही मशहद से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। अब तक करीब 1,000 भारतीयों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि शेष को निकालने के लिए मिशन जारी है।
CHANNEL009 Connects India
