शनिवार को एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप में दो शानदार मुकाबले देखने को मिले। पहला मैच जमशेदपुर में लद्दाख एफसी और नेपाल की त्रिभुवन आर्मी एफसी के बीच हुआ, जो 1–1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। वहीं दूसरा मुकाबला शिलांग में खेला गया, जिसमें नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने मलेशियन आर्म्ड फोर्सेस को 3–1 से करारी शिकस्त दी। इस मैच के दौरान बॉलीवुड अभिनेता और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड टीम के मालिक जॉन अब्राहम भी स्टेडियम में मौजूद रहे, जिसने दर्शकों का जोश और भी बढ़ा दिया।
डूरंड कप के ग्रुप सी मुकाबले में हिस्सा ले रही नई टीम लद्दाख एफसी ने अपने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए अनुभवी त्रिभुवन आर्मी एफसी को बराबरी पर रोककर इतिहास रच दिया। पूरे मैच के दौरान लद्दाख की युवा टीम जोश और आत्मविश्वास से भरी नजर आई। खेल के 23वें मिनट में लद्दाख के डिफेंडर सिजू ने कॉर्नर से आए क्रॉस पर शानदार हेडर लगाते हुए गोल दागा। इस गोल के साथ ही वह डूरंड कप में गोल करने वाले पहले लद्दाखी खिलाड़ी बन गए। यह गोल होने के बाद स्टेडियम में मौजूद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। हालांकि, पहले हाफ के खत्म होने से कुछ मिनट पहले त्रिभुवन आर्मी एफसी ने वापसी कर ली। मैच के 40वें मिनट में निराजन धामी ने तेज काउंटर अटैक के दौरान बेहतरीन फिनिश के साथ गोल कर स्कोर 1–1 कर दिया। हाफ टाइम तक मुकाबला बराबरी पर रहा। दूसरे हाफ में त्रिभुवन आर्मी एफसी ने अधिक आक्रामक खेल दिखाया और गेंद पर अच्छा नियंत्रण बनाए रखा। उनके मिडफील्डर्स ने खेल की रफ्तार को अपने पक्ष में रखते हुए कई आक्रमण बनाए, लेकिन लद्दाख की रक्षापंक्ति बेहद संगठित और सतर्क रही। गोलकीपर की शानदार सेव्स के चलते त्रिभुवन की टीम दूसरा गोल नहीं कर सकी। आखिरी मिनटों तक दोनों टीमें लगातार गोल करने की कोशिश करती रहीं, लेकिन स्कोरलाइन नहीं बदली और मुकाबला 1–1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इस तरह लद्दाख एफसी ने अपने पहले ही मैच में टूर्नामेंट का पहला अंक हासिल कर ऐतिहासिक शुरुआत की।
दूसरे मैच में शिलांग की दर्शकों से भरे मैदान पर नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशियन आर्म्ड फोर्सेस को 3–1 से हरा दिया। तेज आक्रमण और मजबूत रणनीति के दम पर टीम की यह जीत टूर्नामेंट में उनके आत्मविश्वास को और बढ़ाएगी।
CHANNEL009 Connects India
