जयपुर। राजस्थान भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने उन्हें बधाई दी और कहा कि यह एक बहुत मुश्किल काम है, जिसमें कई लोग फेल हो चुके हैं। लेकिन उन्हें विश्वास है कि मदन राठौड़ सबको साथ लेकर काम करेंगे।
पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने भी समारोह में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि साधु-संतों का अपमान करने वाली कांग्रेस को सत्ता से दूर रखना चाहिए।
वसुंधरा राजे का संबोधन
वसुंधरा राजे ने कहा कि मदन राठौड़ ने उनके साथ काम किया है। वे धैर्यवान और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उनके धैर्य के कारण ही उन्हें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का पद मिला है। राजे ने मदन राठौड़ को बड़ा दायित्व मिलने पर उन्हें परिवार को जोड़ने और एकजुट होकर काम करने की सलाह दी।
राजनीति में उतार-चढ़ाव
राजे ने कहा कि राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। राजनीति में पद, मद और कर्म तीनों चीजें अहम हैं। अच्छा काम करने से लोग याद रखते हैं, लेकिन पद का मद होने से कद नहीं रहता। मदन राठौड़ ऐसे कार्यकर्ता हैं जो कभी पद का मद नहीं करेंगे।
जनता का विश्वास सबसे बड़ा पद
वसुंधरा राजे ने कहा कि सबसे बड़ा पद जनता की चाहत है। जनता का विश्वास ऐसा पद है जिसे कोई नहीं मिटा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता धन से नहीं, मन से काम करता है और विचारधारा की मशाल को आगे लेकर जाता है। भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है और यह सबकी मेहनत का नतीजा है।
सीपी जोशी का संबोधन
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने मदन राठौड़ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने आपातकाल में जेल काटी और विचारधारा को आगे बढ़ाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की निष्क्रिय सरकार को हटाने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि भाजपा की सरकार बार-बार बननी चाहिए। जोशी ने कहा कि संतों का अपमान करने वालों को सत्ता से दूर रखना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें वसुंधरा राजे, अशोक परनामी, सतीश पूनिया, गुलाबचंद कटारिया, ओम माथुर और अरुण चतुर्वेदी की टीम में काम करने का सौभाग्य मिला है।